जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में मंगलवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। स्मृति मंधाना और शफाली वर्मा ने 99 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी की, जिसके बदौलत भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 216 रन बनाए।
भारत की ओर से मंधाना ने 79, शफाली ने 48, हरमनप्रीत ने 19, रिचा घोष ने 49 और भारती ने सात रन बनाए। जवाब में उतरी श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में मात्र 69 रन पर ऑलआउट हो गई। जिससे भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से मात दी।
श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा 29 रन कप्तान चमारी अथापथ्थु ने बनाए। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं शफाली, श्रेयका पाटिल और श्री चरणी को दो-दो विकेट मिले।
इस मैच में कौन से रिकॉर्ड बने?
सबसे बड़ा स्कोर
भारत ने 216 रन का टोटल बनाकर 2023 में हांगकांग के 202 रनों के रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच दिया।
भारत की सबसे बड़ी जीत
भारतीय महिला टीम ने 147 रनों से जीतकर T20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी मार्जिन से जीत का रिकॉर्ड बनाया। पिछला रिकॉर्ड 142 रनों से मलेशिया के खिलाफ 2018 में जीता था।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11,000 रन बनाने वाली पहली महिला बनीं स्मृति मंधाना
इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लगातार दो बार (2023 और 2026) एशियन गेम्स में गोल्ड अपने नाम किया।
सोशल मीडिया एक्स पर बड़े राजनेताओं सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों ने दी बधाई
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, किरन रिजीजू सहित कई नेताओं ने बधाई दी।
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने लिखा कि यह टीम गेम की खूबसूरती है। अलग-अलग खिलाड़ी, अलग-अलग पल, लेकिन एक बड़ा नतीजा। शफाली और स्मृति की शुरुआत में 99 रनों की साझेदारी ने भारत को मजबूत आधार दिया, रिचा घोष की बाद की तूफानी पारी ने स्कोर को 216 तक पहुंचा दिया और फिर शफाली, दीप्ति, श्रेयंका और श्री चरणी लगातार विकेट लेती रहीं। भारतीय महिला टीम का शानदार प्रयास। गोल्ड पदक के लिए बधाई!
इसके अलावा शिखर धवन, सूर्य कुमार यादव और अन्य खिलाड़ियों ने बधाई दी।


