Wednesday, 21 October 2026 · 8:00 pm IST
GroundWire

राघोपुर में नाव हादसा, 13 लोगों की मौत से मचा कोहराम

भोज खाने जा रहे लोगों की नाव बीच ढाब में डूबी, गांव में पसरा मातम; पीएचसी में मची अफरा-तफरी

Prashant Kumar
Prashant Kumar
14 October 2026, 11:19 am• 2 min read

प्रशांत कुमार क्राइम और खोजी पत्रकार है जो पिछले 15 सालों से क्राइम और अन्य मुद्दों पर लिखते है।

राघोपुर में नाव हादसा, 13 लोगों की मौत से मचा कोहराम

खुशियों के माहौल में भोज खाने निकले लोगों के परिवारों पर मंगलवार की रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में नाव हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। छोटी नाव पर सवार होकर भोज खाने जा रहे 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में कुछ देर पहले तक उत्साह था, वहां अब मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 15 से 20 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव डूब गई। अचानक हुए इस हादसे से लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

नाव डूबने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को राघोपुर फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

पीएचसी में मची अफरा-तफरी, अपनों को खोने का गम

अस्पताल में एक साथ कई लोगों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौतों की खबर से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। हर तरफ अपनों को तलाशने और बचाने की बेचैनी दिखाई दी।
घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। हादसे के बाद पूरे राघोपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।

पीएम ने जताया दुख, मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दिए जाएंगे 2 - 2 लाख रूपये

बिहार के राघोपुर में एक नाव पलटने से 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. PMO के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को स्वस्थ होने की कामना की उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है।