Wednesday, 21 October 2026 · 9:01 pm IST
GroundWire

पीडब्ल्यूडी मंत्री जी का 'थप्पड़ कांड' क्या है पूरा मामला?

मंत्री के खिलाफ युवक ने विकासपुरी थाने में कराई शिकायत दर्ज

Binu Pandey
Binu Pandey
28 September 2026, 2:11 pm• 3 min read

बिनु पाण्डेय करेंट इवेंट्स और ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ इंटरव्यू करने वाले पत्रकार हैं। राजनीति और आम जनमानस से जुड़े मुद्दों पर लेखन एवं रिपोर्टिंग में रुचि रखते हैं।

पीडब्ल्यूडी मंत्री जी का 'थप्पड़ कांड' क्या है पूरा मामला?

रविवार को दिल्ली के तिलक नगर में सड़क की गुणवत्ता को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और विधायक जरनैल सिंह के बीच विवाद हो गया। इसमें विधायक जी के सोशल मीडिया मैनेजर को मंत्री जी ने थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरे घटना का वीडियो आम आदमी पार्टी ने एक्स पर शेयर किया।

क्या है मामला?
तिलक नगर में पीडब्ल्यूडी के द्वारा सड़क बनाई जा रही थी। उसी को देखने मंत्री जी पहुंचे थे, स्थानीय विधायक भी अपने दल-बल के साथ पहुंचे थे। उन्होंने मंत्री जी से बन रहे रोड को लेकर गुणवत्ता पर सवाल करते हुए सड़क पर बिछी तारकोल की मोटी परत को उखाड़कर मंत्री जी को दिखाने लगे। वहीं, साथ के लोग लगातार मंत्री जी से हाथों से उखड़ जा रही रोड पर सवाल पूछ रहे थे और फोन में प्रतिक्रिया रिकॉर्ड कर रहे थे। उसी क्रम में विधायक जी के सोशल मीडिया मैनेजर भी फोन से मंत्री जी की प्रतिक्रिया रिकॉर्ड कर रहे थे। इस पर मंत्री जी को गुस्सा आ गया और उन्होंने थप्पड़ जड़ दिया।इसके बाद माहौल गंभीर हो गया। दोनों तरफ से कटु शब्दों का प्रयोग होने लगा, काफी देर बाद मामला शांत हुआ।

युवक ने क्या कहा?

मीडिया से बात करते हुए युवक ने कहा कि मैं विधायक जी के साथ रोड की हालत दिखाने आया था, लेकिन मंत्री जी से देखा नहीं गया और उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया। उनके साथी ने मुझे मारने की धमकी भी दी। पुलिस भी वहां मौजूद थी, उनके सामने सबकुछ हुआ है। मेरी मांग है कि मंत्री जी लिखित में माफी मांगे और उनको पार्टी से निकाला जाए। एफआईआर दर्ज करा दी गई है, आगे की कार्रवाई देखते है..

वीडियो जारी कर प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने दी सफाई, कहा- जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था

प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर 2:56 मिनट की वीडियो जारी कर विधायक जरनैल सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकासपुरी रिंग रोड के ऊपर कई दिनों से सड़क बनाने का काम चल रहा है। वहां के विधायक के द्वारा पीडब्ल्यूडी डिपार्टमेंट के इंजीनियर्स से मिलकर कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाने और कमीशन दिलवाने की बात कही। और कहा कि जब कमीशन नहीं मिली तो जो रोड रात में बनती है, उसको सुबह में जाकर उखड़ते है। मैं इलाके में बन रहे रोड को देखने गया था कि काम कैसा चल रहा है। वहां जरनैल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और उनके साथियों ने मेरे परिवार को गाली दी, इन हालात में कोई भी आम आदमी जो करता, वही मैंने किया। लेकिन जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था।