नई दिल्ली के दक्षिणी दिल्ली स्थित सत्य निकेतन इलाके में रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई।
एम्स के जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अस्पताल में कुल 12 लोग भर्ती हुए थे जिसमें 6 लोग की मृत्यु अस्पताल में आने से पहले ही हो गई थी एक की मौत ईलाज के दौरान हुई, और 4 लोग घायल है जिसमें एक की हालत गंभीर बताई है वही एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है। हादसे के बाद एनडीआरएफ, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि करीब 36 वर्ष पुरानी यह इमारत लगभग 100 गज के भूखंड पर बनी थी। इमारत में छात्रों के लिए पीजी का संचालन किया जा रहा था। हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।
इसी दौरान अचानक भवन का ढांचा कमजोर हुआ और पूरी इमारत भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।
इमारत में रहने वाले कई छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय और आसपास के कॉलेजों से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मलबे से लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखा गया।
हादसे ने राजधानी में पुराने और अनधिकृत भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत में पांच मंजिलें थीं और उसका इस्तेमाल पीजी के रूप में किया जा रहा था।
मरम्मत कार्य के दौरान भवन की संरचनात्मक मजबूती की जांच की गई थी या नहीं, यह जांच का विषय है।
मामले में भवन मालिक हरिराम और उसकी पत्नी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, बेटा 2 दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत में निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही पीजी के संचालन और भवन की सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा इसलिए भी चिंता बढ़ाता है क्योंकि दक्षिणी दिल्ली में पिछले कुछ महीनों में इमारत गिरने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 मई को सैदुलाजाब इलाके में भी पांच मंजिला इमारत गिरने से छह लोगों की मौत हुई थी।
राजधानी में फिर ढही इमारत, सात लोगों की मौत, चार घायल, एक गंभीर
इमारत चलता था पीजी, बेसमेंट में चल रहा था मरमत का कार्य उसी समय हुआ हादसा

Binu Pandey
8 September 2026, 8:21 am• 2 min read
बिनु पाण्डेय करेंट इवेंट्स और ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ इंटरव्यू करने वाले पत्रकार हैं। राजनीति और आम जनमानस से जुड़े मुद्दों पर लेखन एवं रिपोर्टिंग में रुचि रखते हैं।

