आठवीं की छात्रा का वायरल वीडियो पटना के होटल में बनाया गया था। बक्सर पुलिस पटना के एक्जीबिशन रोड के उस होटल तक पहुंच गई और वहां जाकर रजिस्टर जब्त कर लिया, जो आरोपी शिक्षक को सजा दिलाने में सबसे कारगर हथियार साबित होगा।
दरअसल, बक्सर जिले के डुमरांव के स्कूल टीचर अरविंद ने आठवीं की छात्रा का यौन शोषण करता वीडियो 29 अगस्त 2026 को पोस्ट किया था, जिसके बाद विद्यालय की चारदीवारी के पीछे घिनौना सच सामने आया। पुख्ता सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो 4 सितंबर 2025 का है। कुकृत्य पटना के एक्जीबिशन रोड स्थित साईं गेस्ट हाउस की चौथी मंजिल पर बने कमरा नंबर 404 में किया गया था। तब पीड़ित छात्रा की आयु महज 13 वर्ष थी।
पुलिस ने नाबालिग के घरवालों और अरविंद से पूछताछ की तो मालूम हुआ कि पिछले वर्ष 2025 में लड़की को कान से संबंधित परेशानी हुई थी। उसी का उपचार कराने के बहाने अरविंद बच्ची को पटना लेकर आया था। हालांकि, वह पहले से बच्ची का शारीरिक शोषण करता आ रहा था।
यहां, मतलब पटना आने पर उसने साईं गेस्ट हाउस का कमरा नंबर 404 बुक किया। रजिस्टर पर उसने अपना सही नाम और पता लिखा। अपनी उम्र 26 वर्ष और लड़की की 19 वर्ष बताई। होटल प्रबंधन की भूमिका में संदेह के घेरे में है, क्योंकि काउंटर पर बैठे शख्स ने केवल अरविंद का आधार कार्ड लिया था। क्या उसे 13 और 19 की उम्र का फर्क समझ नहीं आया? ये पुलिसिया जांच में ही सामने आ पाएगा। फिलहाल, कड़ी दर कड़ी मिलाकर बिहार पुलिस ने उम्दा जांच की और पीड़िता को न्याय दिलाने का द्वार खोल दिया।


